पश्चिमी विक्षोभ ने गर्मी से परेशान लोगों को लगातार दूसरे दिन राहत दी। शुक्रवार को दिनभर बादलों की लुकाछिपी चलती रही। शाम को तेज आंधी आई के साथ बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। वहीं रात में आई दुबारा आंधी के कारण शहर से देहात तक कई होर्डिंग, टिन शेड उड़कर गिर गए, जिसमें लोगों को चोटें भी आईं। मौसम विभाग के मुताबिक आंधी की रफ्तार 67 किमी प्रति घंटा रही।
विज्ञापन
दिन में पारा सामान्य से दो डिग्री नीचे 36.1 डिग्री रहा जबकि न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री दर्ज किया गया। पूरे दिन बादलों की लुकाछिपी चलती रही। शाम को तेज हवा चलनी शुरू हो गई। चंद मिनटों में ही आंधी आ गई। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शाम को जब आंधी आई, तब बाजारों में लोग थे। एमडी जैन इंटर कॉलेज में आंधी के कारण भगवान महावीर जयंती के कार्यक्रम का पंडाल गिर गया। तीन लोगों को चोटें आईं। रात में होने वाला कवि सम्मेलन आयोजकों ने स्थगित कर दिया। आवास विकास कॉलोनी में भीमनगरी और शहर में भगवान हनुमान जयंती के कार्यक्रमों के होर्डिंग गिर गए।
उड़कर आई टिन शेड से महिला घायल
ईदगाह में होटल और पेट्रोल पंप व्यवसायी के घर के निर्माण के लिए लगाई गई टिन शेड आंधी में उड़कर दूर जा गिरी। इनमें से एक टिन पास से गुजर रही महिला और उसके दो बच्चों पर गिरी। ईदगाह कॉलोनी के निवासियों ने घायल महिला को साईं की तकिया स्थित एसआर हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। बच्चों को ज्यादा चोट नहीं आई।
तीन डिग्री और गिर सकता है पारा
मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक शनिवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। दोपहर बाद तेज आंधी और बारिश के आसार बन रहे हैं। दिन में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। सामान्य से तीन डिग्री तक पारा लुढ़क सकता है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री के आसपास रह सकता है। दो दिन तक राहत के बाद मंगलवार से तापमान में इजाफा होने के आसार हैं।
आंधी ने उड़ा दी बिजली, 2 खंभे टूटे व 6 जगह तारों पर गिरे पेड़
तेज रफ्तार आंधी के कारण शहर में दो जगह खंभे टूट गए, जबकि 6 जगह पेड़ बिजली के तारों पर गिर गए। इससे देर रात शहर से लेकर देहात तक की बिजली गुल रही। आंधी के कारण पालीवाल पार्क, बल्केश्वर, कावेरी विहार, दयालबाग, पश्चिमपुरी और जवाहरपुरम में तारों पर पेड़ गिर गए, जिससे इन क्षेत्रों की बिजली देर रात तक बाधित रही। वहीं दो जगह बिजली के खंभे टूट गए। नगला कली, लकावली में भी देर रात तक बिजली गुल रही। शमशाबाद रोड और पश्चिमपुरी में बिजली के तारों का खंभा टूट गया, जिससे देर रात तक दोनों जगह बिजली नहीं आई। फ्रेंड्सपूरम में एक पेड़ कई कारों पर गिर गया, जिससे कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। बल्केश्वर में तारों पर होर्डिंग गिर गया, जिसे हटवाकर आपूर्ति बहाल कराई गई। टोरंट पावर के उपाध्यक्ष शैलेश देसाई के मुताबिक पश्चिमपुरी छोड़कर देर रात तक शहर में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। पश्चिमपुरी में पेड़ को हटाने का काम रात में चालू रहा।