अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने परिवार के साथ सोमवार को ताजमहल का दीदार किया। दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताज की खूबसूरती को देखकर ट्रंप मंत्रमुग्ध हो गए। उन्होंने ताजमहल को भारत की सांस्कृतिक विभिन्नता व समृद्ध संस्कृति की पहचान बताया।
विज्ञापन
ट्रंप का एयरफोर्स वन खेरिया एयरपोर्ट पर तय समय से आधा घंटे पहले करीब 4.15 बजे उतरा। यहां पहुंचने का प्रस्तावित वक्त 4.45 बजे था। ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया, बेटी इवांका और दामाद भी आए। खेरिया एयरपोर्ट पर ट्रंप परिवार का भव्य स्वागत किया गया।
ट्रंप का भव्य स्वागत
- फोटो : ANI
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रंप का स्वागत किया। यहां उनके स्वागत के लिए मयूर नृत्य का कार्यक्रम हुआ। मयूर नृत्य देखकर अमेरिका के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी मंत्रमुग्ध हो गए। ट्रंप ने कलाकारों के लिए वेलडन का साइन बनाया और गुड, ग्रेट बोला। इस दौरान उनकी बेटी इवांका भी ताली बजाती रहीं।
एयरपोर्ट से निकलकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का काफिला होटल अमर विलास में पहुंचा। यहां से गोल्फ कार्ट में ताजमहल देखने के लिए वे रवाना हुए। ट्रंप ने पत्नी मेलानिया संग करीब एक घंटा ताजमहल में भ्रमण किया।
ताजमहल में ट्रंप-मेलानिया
- फोटो : Amar Ujala
डोनाल्ड ट्रंप ने गाइड नितिन के साथ ताजमहल की बारीकियों को जाना। गाइड ने उन्हें ताजमहल का इतिहास बताया। गाइड द्वारा बताई बातों को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ने बेहद गौर से सुना।
ट्रंप-मेलानिया जब ताजमहल पहुंचे तो सूर्यास्त से पहले का वक्त था। सुनहरी धूप से ताज का संगमरमरी हुस्न और हसीन हो गया। ट्रंप और मेलानिया मुख्य गुबंद के अंदर भी गए और शाहजहां-मुमताज की कब्रों की प्रतिकृति को देखा।
डोनाल्ड ट्रंप ने विजिटर बुक में लिखा कि ताजमहल हम सभी को इंस्पायर करता है। यह विविधता दर्शाने वाली भारतीय संस्कृति की अंतहीन धरोहर है।ट्रंप और मेलानिया ने डायना बेंच के सामने खड़े होकर फोटो खिंचाए।
ताजमहल में डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया के साथ उनकी बेटी इवांका और दामाद भी थे। इवांका और जैरेड ने ताजमहल का दीदार साथ किया और उन्होंने जमकर फोटो खिंचाए।