फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वीवीआईपी आगमन पर थम गई ताजनगरी की रफ्तार, देर रात तक रेंगते हुए निकले वाहन

Tue, 25 Feb 2020 12:03 AM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा

सार

14 किलोमीटर के रूट पर 175 कट और 19 चौराहे थे। इन पर बैरियर लगाए गए थे।
विज्ञापन
डोनाल्ड ट्रंप के जाने के बाद सड़कों पर लगा जाम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ट्रंप के आने से चार घंटे पहले ही बैरियर लगाकर जगह-जगह ट्रैफिक रोक दिए जाने से लोग परेशान हो गए। इससे एमजी रोड, शाहगंज, लोहामंडी सहित लगभग आधे शहर में जाम लग गया। ट्रंप के जाने के बाद भी यह खुला नहीं। रात 10 बजे तक वाहन रेंगकर चलते रहे।
विज्ञापन


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आगमन पर फ्लीट निकलने के लिए खेरिया एयरपोर्ट से माल रोड होते हुए फतेहाबाद मार्ग का रूट तय किया गया था। इसके लिए ट्रैफिक डायवर्जन भी किया गया था। यहां वाहन न जाएं, इसके लिए जगह-जगह बैरियर भी लगाए गए थे। 14 किलोमीटर के रूट पर 175 कट और 19 चौराहे थे। इन पर बैरियर लगाए गए थे।

दूसरा रूट खेरिया से रामनगर पुलिया, कोठी मीना बाजार, एमजी रोड होते हुए था। खेरिया से रामनगर पुलिया के रूट को वैकल्पिक मार्ग के रूप में रखा गया था। मगर, पुलिस ने इस मार्ग पर दोपहर दो बजे ही ट्रैफिक रोक दिया था। इस रास्ते पर वाहनों को डायवर्ट करने के लिए पहले से कोई इंतजाम नहीं किया गया था। लोगों को भी इस रूट पर ट्रैफिक रोके जाने की जानकारी नहीं थी।
विज्ञापन

इस कारण फतेहपुर सीकरी मार्ग, शाहगंज-बोदला मार्ग, साकेत कालोनी मार्ग, एमजी रोड के सुभाष पार्क तिराहा, साईं का तकिया, नामनेर आदि मार्ग पर लोग जाम में फंस गए। लोगों का रास्ते से निकलने को लेकर पुलिसकर्मियों से तड़का भड़की भी हो गई।

पुलिसकर्मियों ने किसी को भी नहीं निकलने दिया। इससे लोगों ने अन्य रास्तों से वाहनों को निकाला तो वहां भी जाम लग गया। बोदला, लोहामंडी, सिकंदरा, सेंट जोंस, घटिया आजम खां, हरीपर्वत, यमुना किनारा मार्ग, बिजलीघर, वाटर वर्क्स पर जाम लगा रहा।

फतेहाबाद मार्ग पर भी यही स्थिति थी। दोपहर तकरीबन दो बजे से शाम सात बजे तक यातायात रोका गया। जब ट्रैफिक खोला गया तो लोग जाम में फंस गए। फतेहाबाद मार्ग से लेकर एमजी रोड पर वाहनों की लाइन लग गई। वाहनों को निकलने में एक घंटा लग गया। जाम खुलवाने में पुलिसकर्मियों का भी पसीना निकल गया।
विज्ञापन

फूल सैय्यद पर आए तीन तरफ के वाहन
फतेहाबाद रोड पर रास्ता खोला गया तो जाम लग गया। फूल सैय्यद पर फतेहाबाद रोड, पुरानी मंडी, राजपुर चुंगी की तरफ से वाहन आ गए। इस कारण जाम लग गया। आधा घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। बाद में पुलिस कर्मियों ने किसी तरह वाहनों को निकलवाया। एक घंटे बाद रास्ता साफ हो सका।

हमें पहले से क्यों नहीं बताया...
पंचकुइयां पर फंसे लोग तहसील मार्ग से कलक्ट्रेट की तरफ गए तो यहां भी ट्रैफिक रुका था। इस पर लोगों ने बैंक कालोनी, नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी होते हुए वाहनों को निकाला। इस पर बैंक कॉलोनी पर भी वाहन रोक दिए गए। इस पर लोगों की पुलिसकर्मियों से तकरार हो गई। लोग एक ही बात कह रहे थे कि जब वैकल्पिक मार्ग पर ट्रैफिक रोकना था तो पहले से क्यों नहीं बताया गया। इसके लिए अलग से व्यवस्था क्यों नहीं की गई।

एंबुलेंस को भी नहीं दिया रास्ता
आगरा। राजपुर चुंगी निवासी रेलवे के लोको पॉयलट राजेंद्र शर्मा की तबीयत खराब थी। वह एंबुलेंस से अस्पताल जा रहे थे। पौने तीन बजे बालूगंज में एंबुलेंस को रोक लिया। उन्होंने बताया कि वह एसएसपी के आवास तक पैदल गए। वहां के स्टॉफ ने उन्हें पुलिस की गाड़ी से अस्पताल भिजवाया।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें