बांकेबिहारी के दर्शन करते भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा : पांच सीटों पर खिला कमल
मथुरा जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। मथुरा सीट पर ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने पिछले जीत के अंतर में छह हजार वोटों का इजाफा करते हुए कांग्रेस के प्रदीप माथुर को मात दे दी। श्रीकांत को 1 लाख 56 हजार 300 वोट मिले, वहीं कांग्रेस के प्रदीप माथुर को 48 हजार 631 वोटों से संतोष करना पड़ा।
मांट सीट पर राजेश चौधरी ने आठ बार के विधायक श्याम की किलेबंदी तोड़ी। छाता सीट पर भाजपा प्रत्याशी कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने लगातार दूसरी बार जीतकर इतिहास रच डाला। उन्हें 1,24,414 मत मिले। वहीं सपा-रालोद के तेजपाल को 75,466 मत मिले।
गोवर्धन सीट पर मेघ श्याम ने जीत दर्ज की। उन्हें 1,00,199 मत मिले। उन्होंने बसपा के राजकुमार रावत को हराया। बलदेव सीट पर भाजपा प्रत्याशी पूरन प्रकाश को 1,84,014 मत मिले। वहीं प्रतिद्वंद्वी सपा-रालोद गठबंधन की प्रत्याशी बबीता देवी को 82,601 मतों से संतोष करना पड़ा।
एटा : कमल के आगे इस बार भी कोई न टिका
एटा जिले की चारों सीटों ने भाजपा ने जीत ली हैं। वर्ष 2017 में भी क्लीनस्वीप किया था। सदर सीट पर भाजपा के विपिन वर्मा डेविड ने सपा के ब्रजेंद्र सिंह यादव को हराया है। अलीगंज सीट पर भाजपा के सत्यपाल सिंह राठौर ने सपा के रामेश्वर सिंह यादव को परास्त किया है। जलेसर सीट पर भाजपा के संजीव दिवाकर को जीत मिली है। यहां सपा के रणजीत सुमन दूसरे नंबर पर रहे हैं।
मारहरा सीट पर भाजपा के बीरेंद्र सिंह लोधी ने सपा के अमित गौरव यादव को शिकस्त दी है। जिले में यह पांचवां मौका है जब किसी पार्टी ने क्लीन स्वीप किया है। 2002,2012 में सपा, 2017 व 2022 में भाजपा ने चारों सीटों पर जीत हासिल की। इससे पहले 1977 में जनता दल ने ऐसी जीत दर्ज की थी।
फिरोजाबाद-मुलायम सिंह के समधी हरिओम यादव हारे
फिरोजाबाद की पांच सीटों में से दो पर भाजपा और तीन पर सपा को विजय हासिल हुई है। सदर सीट से भाजपा के मनीष असीजा ने तीसरी बार जीत दर्ज की है। इन्होंने सपा के सैफुर्रहमान को हराया है। टूंडला सीट पर भाजपा के प्रेमपाल धनगर ने सपा प्रत्याशी राकेश बाबू एडवोकेट को परास्त किया है।
शिकोहाबाद में सपा के डाक्टर मुकेश वर्मा ने भाजपा के ओमप्रकाश वर्मा को शिकस्त दी है। सिरसागंज में सपा के सर्वेश यादव ने मुलायम सिंह के समधी और भाजपा प्रत्याशी हरिओम यादव को हरा दिया। जसराना सीट पर सपा के सचिन यादव ने भाजपा के मानवेंद्र प्रताप लोधी को हराया।