गृहमंत्री अमित शाह मैनपुरी शहर के क्रिश्चियन मैदान और करहल विधानसभा के कोसमा चौराहे पर रैली कर चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन, डिप्टी सीएम दो रैली व डोर-टू-डोर जाकर पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांग चुके हैं।
सैफई परिवार की भी प्रतिष्ठा दांव पर
सपा के दिग्गज नेताओं के साथ ही सैफई परिवार (मुलायम के परिवार) की भी प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मैनपुरी जिले में पांच जनसभाएं कर चुके हैं। करहल विधानसभा सीट पर चापरी मैदान में उन्होंने पिता मुलायम सिंह यादव के साथ खुद के लिए जनसभा की थी।
इसके साथ ही सदर सीट से प्रत्याशी राजकुमार यादव, किशनी सीट से प्रत्याशी बृजेश कठेरिया, भोगांव सीट से प्रत्याशी आलोक शाक्य के समर्थन में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जनसभाएं शुक्रवार को कर चुके हैं। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव, पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव भी जनसभाएं कर चुके हैं।
बसपा को जिताने के लिए सतीश मिश्रा ने लगाया दम
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को जिताने के लिए राष्ट्रीय महासचिव सतीष मिश्रा ने भी भरपूर प्रयास किए हैं। उन्होंने मैनपुरी आकर पार्टी प्रत्याशियों के लिए जिले के लोगों से समर्थन मांगा।