भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को कान्हा की नगरी में 'प्रभावी मतदाता संवाद' शुरू किया है। चुनाव को धार देने के लिए गृहमंत्री अमित शाह ने कमान संभाली है। गुरुवार को अमित शाह मथुरा पहुंचे और वृंदावन के श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन किए। गृहमंत्री अमित शाह ने करीब आठ मिनट तक मंदिर में पूजा की। उनके साथ ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा मौजूद रहे। मंदिर प्रांगण से निकलने के दौरान गृहमंत्री अमित शाह हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन करते नजर आए। भाजपा के लिए मथुरा की सीट बहुत मायने रखती है। यहां से ऊर्जा मंत्री को फिर से टिकट दिया गया है।
गोवर्धन रोड स्थित श्रीजी बाबा विद्या आश्रम में आयोजित भारतीय जनता पार्टी मथुरा की संगठनात्मक एवं प्रभावी मतदाता बैठक में गृहमंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। यहां उन्होंने प्रदेश में मोदी-योगी सरकार के विकास कार्यों को गिनाया। वहीं सपा-बसपा और कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। बैठक में मौजूद पदाधिकारी और कार्यकओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब अखिलेश का शासन था तब गुंडाराज था, भाजपा के शासन में विकास हुआ।
पीएम मोदी यूपी से लड़कर केंद्र में पहुंचे
यूपी के लोगों के दोनों हाथों में लड्डू हैं। कभी भी उत्तर प्रदेश के संपूर्ण विकास का नक्शा नहीं खींचा। मोदी के पीएम बनने के बाद योगी सरकार ने सबका साथ-सबका विकास किया। यूपी में भाजपा की सरकार किसी एक जाति की नहीं है। राजनीति के अंदर जातिवाद-परिवारवाद नहीं होना चाहिए। पिछली सरकारें तुष्टीकरण के आधार पर चलीं, भ्रष्टाचार का बोलबाला था। अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पर भ्रष्टचार का कोई आरोप नहीं है। अखिलेश बाबू के नेता के घर नोट निकलते हैं। बाहुबली परेशान करते थे, बहन-बेटियों का अपमान होता था। बाहुबली गले में पट्टी लगाकर सरेंडर कर रहे हैं। जब इनपर गाज गिरती है। अखिलेश के पेट में दर्द होता है। मुख्तार अंसारी और आजम खां को पकड़ने पर दर्द हुआ।
सपा पर साधा निशाना
सपा प्रमुख पर हमलावर होते हुए कहा कि अखिलेश के शासन से भाजपा शासन में अपराध कम हुआ है। हत्या, लूट, अपहरण में कमी आई है। कहा-पूरा हिसाब लेकर आया हूं यूपी का। सुशासन क्यों नहीं था, कानून का राज क्यों नहीं था। पांच साल में उत्तर प्रदेश भारत की दूसरी सबसे बड़ी व्यवस्था है। अगले पांच साल में नंबर एक अर्थव्यवस्था बनाने का काम होगा।
अखिलेश और मायावती को लिया आड़े हाथों
गृहमंत्री अमित शाह ने कबीर का एक दोहा बताकर कार्यकर्ताओं से सवाल किया कि पहले भी यही पुलिस थी यही कानून था इसलिए कबीर ने कहा था कि लोहा से ढाल भी बन सकती है, तलवार भी बन सकती है। मथुरा में आने वाले समय में विश्वभर का पर्यटन आएगा। ये प्रयास किए जा रहे हैं। बांकेबिहारी मंदिर की कुंज गलियों का विकास कराया। शुद्व पीने का पानी भाजपा ने दिया। रामायण सर्किट, महाभारत, शक्ति पीठ सहित कई सर्किट शुरू कर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया। अखिलेश और मायावती से पूछा कि बीस साल के शासन में गरीबों के घर में अन्न और गैस क्यों नहीं पहुंची। भाजपा सरकार ने शौचालय की व्यवस्था कराई, इज्जत घर का नाम दिया। आजादी के 70 साल बाद मोदी ने दो करोड़ से अधिक परिवारों को शौचालय दिए।
योजनाएं गिनाईं
केंद्रीय गृहमंत्री ने अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि आप बिजली नहीं दे पाए मुफ्त क्या देंगे। प्रधानमंत्री श्रम योजना में गरीबों को अनुदान दिया गया। मोदी-योगी सरकार ने मुफ्त अनाज दिया। अखिलेश गरीबों की बात करते हैं लेकिन घर नहीं थे, प्रधानमंत्री आवास योजना से लोगों को घर दिए गए। अखिलेश-शिवपाल की जोड़ी सुन लें पैसे अब सीधे बैंक खाते में जाते हैं कोई बिचौलिया नहीं हैं। पांच लाख की स्वास्थ्य की सुविधाएं दी हैं। एक लाख 48 हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया है। बुआ और भतीजे के राज में गन्ना मील आधी बंद की गईं। पीएम मोदी ने गन्ना किसानों को मजबूत किया। लॉकडाउन में भी मील बंद नहीं हुईं। अखिलेश यादव की कहावत पर तंज कसा कि कहते थे मंदिर वही बनाएंगे लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। उन्हें निमंत्रण देते हुए कहा कि आप भी आ जाइये। धारा 370 को उखाड़कर फेंकने का काम मोदी सरकार ने किया। देश की सुरक्षा को सभी दल ताक पर रखते थे, आज परिंदा भी पैर नहीं मार सकता। पहले सीमा पर तैनात जवानों के सर काटकर ले जाते थे, उरी हमले के बाद मोदी की सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकवादियों का सफाया किया। देश और उत्तर प्रदेश को भारतीय जनता पार्टी सुरक्षित रख सकती है।