एटा और अलीगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा और सपा के प्रत्याशियों के पास करोड़ों की संपत्ति है। एटा से भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक विपिन वर्मा 10 करोड़ तो सपा प्रत्याशी जुगेंद्र सिंह यादव नौ करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं। अलीगंज से सपा प्रत्याशी पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव पर 9.83 करोड़ रुपये की संपत्ति है। तीनों प्रत्याशियों ने नामांकन के साथ शपथ पत्र में संपत्ति का ब्योरा दिया है।
नामांकन पत्र में दिए गए ब्योरे के अनुसार एटा सदर से भाजपा प्रत्याशी विधायक विपिन वर्मा डेविड के पास करीब 2.41 करोड़ रुपये की चल और 8.27 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति हैं। उनकी पत्नी प्रेमलता वर्मा पर चल-अचल मिलाकर 2.38 करोड़ की संपत्ति हैं।
सपा प्रत्याशी के पास नौ करोड़ की संपत्ति
सपा प्रत्याशी जुगेंद्र सिंह यादव पर 1.55 करोड़ रुपये की चल और 7.92 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी रेखा यादव पर दोनों तरह की करीब 14 करोड रुपये कीमती संपत्ति हैं। अलीगंज से सपा प्रत्याशी रामेश्वर सिंह यादव पर करीब दो करोड़ की चल और 7.78 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति हैं। उनकी पत्नी राममूर्ति देवी पर करीब 14 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति हैं।