भाजपा कार्यालय पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य
- फोटो : अमर उजाला
एक दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को मैनपुरी आए उपमुख्यमंंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अफसरों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। वहीं भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराया। उन्होंने कहा कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में मैनपुरी से भाजपा के तीन विधायक और बढ़ेंगे।
उपमुख्यमंंत्री केशव प्रसाद मौर्य सुबह करीब 11 बजे आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री के साथ हेलीकाप्टर पुलिस लाइन पहुंचे। कुछ देर ट्रांजिस्ट हॉस्टल में रुकने के बाद भाजपा कार्यालय पर पहुंचकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। यहां उन्होंने अनुच्छेद 370 का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जो वायदे किए हैं उन्हें पूरा कर रही है।
केशव प्रसाद मौर्य ने जय श्रीराम का नारा लगाते हुए भाजपाइयों में जोश भरा। अयोध्या विवाद पर इशारों ही इशारों में कह दिया कि भाजपा नेता किसी भी तरह की जल्दबाजी न करें, धैर्य से इंतजार करें। बहुत जल्द बड़ी खुशी मिलने वाली है। उन्होंने कहा केंद्र और प्रदेश सरकार ने जो वायदे किए हैं, वो सभी पूरे होंगे।