आगरा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को निखारने पर विशेष फोकस किया जा रहा है। जिला स्तर पर आयोजित प्रीमियर लीग और टूर्नामेंट इस दिशा में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के कार्यक्रम में शामिल होने आगरा पहुंचे शुक्ला ने बातचीत में कहा कि छोटे शहरों और जिलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मंच और मार्गदर्शन की है। जिला प्रीमियर लीग के जरिए खिलाड़ियों को मैच अनुभव मिल रहा है, जिससे उनका प्रदर्शन बेहतर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि लगातार मैच मिलने से चयनकर्ताओं को भी खिलाड़ियों को नजदीक से देखने और परखने का बेहतर अवसर मिल रहा है। शुक्ला ने बताया कि उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन जिला क्रिकेट को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को अवसर मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला स्तर की प्रतियोगिताओं के माध्यम से भविष्य में बड़ी संख्या में खिलाड़ी रणजी ट्रॉफी और भारतीय टीम तक पहुंचेंगे।