उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा के जीआईसी मैदान पर आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरे आगरा दौरे पर केवल वे ही लोग सवाल उठा रहे हैं, जिन्होंने समाज को जाति के आधार पर बांट रखा है। सीएम ने यहां 250 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण भी किया।
ताजमहल देखने के बाद जीआईसी मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ताजमहल कब बना, क्यों बना हम इसकी तह में न जाएं। हम केवल यह ध्यान रखें कि यह भारतीय मजदूरों के खून पसीने से बना वास्तुकला का अद्भुत नमूना है।
सीएम ने कहा कि आगरा ही एक ऐसा जिला है जिसमें 5 वर्ल्ड हेरिटेज स्मारक हैं। हमें इसे पर्यटन के लिहाज से विकसित करना चाहते हैं तो लोगों को पीड़ा हो रही है। मुख्यमंत्री ने विपक्षियों पर निशाना साधते हुए कहा कि मेरे आगरा दौरे पर केवल वे ही लोग सवाल उठा रहे हैं, जिन्होंने खुद समाज को जाति के आधार पर बांट रखा है।