मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एसएन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने कभी भी आ सकते हैं। उसी के अनुरूप एसएन मेडिकल कॉलेज में तैयारियां भी शुरू करा दी गई हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए कोविड हॉस्पिटल में सुविधाएं और बेहतर बनाई जा रही हैं।
मेडिसिन विभाग में कोविड और पोस्ट कोविड मरीजों के लिए बेड संख्या बढ़ाकर 100 की चुकी है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि मुख्यमंत्री के एक हफ्ते में यहां आने की उम्मीद है। हालांकि अभी तक आधिकारिक रूप से कोई पत्र नहीं प्राप्त हुआ है। फिर भी उनके निरीक्षण के लिहाज से जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।
रक्षामंत्री ने सांसद से कोरोना मरीजों की जानकारी ली
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को फोन पर भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर से कोरोना मरीजों के इलाज की जानकारी ली। कहा कि रेमडेसिविर इंजेक्शन, बेड, ऑक्सीजन की कमी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन से वार्ता कर सहयोग करते रहने के लिए कहा।
सांसद ने बताया कि रक्षा मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि कोरोना मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इलाज की पूरी व्यवस्था अभी से कर ली जाए। जिससे गांव में महामारी का प्रकोप बढ़ने से रोका जा सके। रक्षा मंत्री ने टीकाकरण अभियान युद्धस्तर पर चलाने, तहसील स्तर पर सहायता शिविर लगवाने, सभी जनप्रतिनिधियों से मिलकर इस चुनौतीपूर्ण समय में कार्य करने पर जोर दिया। साथ ही यह भी भरोसा दिलाया कि रक्षा मंत्रालय जरूरत पड़ने पर आगरा जिले की पूरी मदद करेगा।