बाह के उगनपुरा गांव में 23.29 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम बनाने के प्रस्ताव को योगी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। स्टेडियम में 400 मीटर ट्रैक, मल्टी स्पोर्ट्स इंडोर हॉल, क्रिकेट आदि सुविधाएं होंगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को लखनऊ में आयोजित कैबिनेट बैठक में बाह विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए उगनपुरा गांव में अत्याधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। कैबिनेट के इस निर्णय से क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षण और अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा।
विज्ञापन
निर्णय के अनुसार, बाह के उगनपुरा में युवा कल्याण विभाग के नाम दर्ज गाटा संख्या-181 की 2.476 हेक्टेयर (6 एकड़ से अधिक) भूमि खेल विभाग के पक्ष में निशुल्क हस्तांतरित की जाएगी। इस भूमि पर स्टेडियम के निर्माण से राज्य सरकार के राजकोष पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा। इस परियोजना के पूरा होने से स्थानीय युवाओं को खेल का बेहतर माहौल मिलने के साथ-साथ निर्माण कार्य के दौरान असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को भी रोजगार मिलेगा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस सौगात पर मुख्यमंत्री का आभार जताया है। बाह विधायक पक्षालिका सिंह ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलकर बाह के अर्जुन अवार्डी विजय सिंह चौहान, अजीत भदौरे और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं की उपलब्धियों का हवाला देते हुए स्टेडियम की मांग की थी। वहीं, सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि इस स्टेडियम के बनने से ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगी।
विज्ञापन
ये होंगी सुविधाएं
आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेडियम के निर्माण के लिए यूपी प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन ने 23.29 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया था। स्टेडियम में मल्टी स्पोर्ट्स इंडोर हॉल, 400 मीटर लंबा ट्रैक, वॉलीबाॅल एवं फुटबॉल कोर्ट, क्रिकेट पिच, ओपन जिम, आवास, बाउंड्रीवाॅल, सीसी रोड, पार्किंग, पेयजल, विद्युतीकरण आदि प्रबंध होंगे।