मैनपुरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के बोर्ड आवेदन के लिए महज दो कार्य दिवस शेष बचे हैं। लेकिन अभी तक जिले के 20 हजार अभ्यर्थियों के आवेदन नहीं किए गए है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रधानाचार्यों को समय से आवेदन कराने के निर्देश दिए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के शैक्षणिक सत्र 2024-25 की बात करें तो जिले में 9वीं में करीब 35 हजार और 11वीं में करीब 31 हजार छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। विभागीय रिकार्ड के अनुसार ये छात्र-छात्राएं पास भी हुए हैं। इनका विवरण कॉलेजों द्वारा यू डाइस प्लस पर दर्ज किया गया है। 9वीं पास होने वालों के 10वीं के बोर्ड फार्म भरे जाने हैं जबकि 11वीं पास होने वालों के 12वीं के बोर्ड फार्म भरे जाने हैं। परिषद की ओर से 16 अगस्त अंतिम तिथि है। लेकिन 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस और 16 अगस्त को जन्माष्टमी का अवकाश है। ऐसे में अब संबंधित विद्यार्थियों के फार्म भरने के लिए केवल 13 और 14 अगस्त दो दिन का ही समय बचता है। विभागीय सूत्रों की मानें तो अभी तक हाईस्कूल में करीब 12 हजार और इंटरमीडिएट में करीब 8 हजार छात्र-छात्राओं ने बोर्ड फार्म नहीं भरे हैं। यदि शेष बचे दो दिन में इनके फार्म नहीं भरे जाते हैं तो सबंधितों की एक साल बर्बाद हो सकती है।
सभी प्रधानाचार्यों की जिम्मेदारी है कि जिन छात्र-छात्राओं के अभी तक बोर्ड फार्म नहीं भरे गए हैं दो दिन के अंदर भरवाना सुनिश्चित करें। यदि छात्र किसी कारण से विद्यालय नहीं आ रहा है तो संबंधित छात्र और उसके अभिभावक से संपर्क किया जाए। छात्र-छात्राओं के निश्चित समय में आवेदन कराना प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी है। - सतीश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक