यूपी बोर्ड : प्रयोगात्मक परीक्षा के पहले दिन परीक्षकों के सामने आईं दिक्कतें
- 10 कॉलेजों में परीक्षा कराने पहुंचे परीक्षक, ऑनलाइन की गई निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जिले के कॉलेजों में रविवार से यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं शुरू हो गईं। परीक्षाओं के पहले दिन परीक्षकों को बोर्ड द्वारा निर्धारित एप को डाउनलोड करने और छात्रों का विवरण दर्ज करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। पहले दिन जिले के 10 कॉलेजों में अलग-अलग विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई गईं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बनाए गए ऑनलाइन निगरानी कक्ष से नोडल अधिकारी राहुल गुप्ता के निर्देशन में शिक्षकों ने परीक्षाओं की निगरानी की।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए 9 फरवरी से 16 फरवरी का समय निर्धारित किया है। प्रदेश के अन्य जनपदों से प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए परीक्षकों को भेजा गया है। पहले दिन जिले के 10 काॅलेजों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई गईं। परीक्षाओं के लिए पहुंचे परीक्षकों को परिषद द्वारा एक एप दिया गया है। इस एप के माध्यम से परीक्षकों को प्रयोगात्मक परीक्षाओं का विवरण अपलोड करना है। एक परीक्षक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि परीक्षा के लिए जब वह एक कॉलेज पर पहुंचे तो एप को डाउनलोड करने में दिक्कत आई हालांकि बाद में एक विशेषज्ञ से बात करने के बाद एप डाउनलोड कर जानकारी अपलोड कर दी गई। जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाएं शांतिपूर्ण माहौल में कराई जा रही हैं।
ये कर रहे ऑनलाइन निगरानी
प्रयोगात्मक परीक्षाओं की निगरानी के लिए ऑनलाइन निगरानी सेल का गठन किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में संचालित इस सेल में राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी के वरिष्ठ शिक्षक राहुल गुप्ता और राजकीय हाईस्कूल सथिनी में तैनात शिक्षक ललितेश त्रिपाठी को इस सेल का नोडल नियुक्ति किया गया है। उनकी देख रेख में विशेषज्ञ शिक्षक अजीत सिंह, दीपक कुमार, राजीव मिश्रा, वीनेश कुमार, श्वेता यादव, आरती यादव, कामिनी बघेल और गोपाल यादव प्रयोगात्मक परीक्षाओं की ऑनलाइन निगरानी कर रहे हैं।