यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान अब तक जिले में नकलची से अधिक जन्मतिथि में हेरफेर करने वाले परीक्षार्थी पकड़े गए। नकलचियों की संख्या महज पांच है। जन्मतिथि में हेरफेर करने वाले 15 परीक्षार्थी आगरा में ही पकड़े जा चुके हैं। मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) ने इसकी रिपोर्ट शासन और बोर्ड को भेजी है।
जिले 25 फरवरी को रतन समाज इंटर कॉलेज पनवारी में दो परीक्षार्थियों की जानकारी केंद्र व्यवस्थापक ने जेडी के पहुंचने पर दो। दो और संदिग्ध परीक्षार्थियों की जांच के आदेश दिए गए। केआर इंटर कॉलेज रुनकता में छह परीक्षार्थी पकडे़ गए थे।
सभी ने लिखित में स्वीकार किया कि उन्होंने जन्मतिथि में फेरबदल किया है। 29 फरवरी को शंकरादेवी इंटर कॉलेज, करभना में छह परीक्षार्थी और श्रीमुरारी सिंह इंटर कॉलेज, गढ़ी चंदन में एक परीक्षार्थी पकड़ा गया। इन परीक्षार्थियों ने भी लिखित में जन्मतिथि में हेरफेर कराने की बात स्वीकार की है। अब तक पकड़े गए सभी परीक्षार्थियों ने उन कॉलेजों को जन्मतिथि परिवर्तन के नाम पर रुपये लेने के आरोप लगाए हैं, जिन्होंने परीक्षा फार्म भरवाए हैं।