यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए केंद्रों के कैमरों का शासन स्तर पर बने नियंत्रण कक्ष से कुछ देर के लिए संपर्क टूट गया था। इसको लेकर केंद्र व्यवस्थापकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
आगरा में यूपी बोर्ड के 35 परीक्षा केंद्रों के कुछ देर के लिए सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। शासन के नियंत्रण कक्ष से इनका संपर्क टूटने पर रिपोर्ट डीआईओएस को भेजी गई। इस पर कार्रवाई करते हुए डीआईओएस ने नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। गणित के पेपर में तीन केंद्रों पर नकल कराने की शिकायत आने पर सचल दल से जांच कराई गई।
विज्ञापन
डीआईओएस चंद्रशेखर ने बताया कि शासन स्तर पर बने नियंत्रण कक्ष से सीसीटीवी कैमरे से जांच की गई तो 35 केंद्रों के कुछ देर के लिए कैमरे बंद मिले। इन केंद्रों की सूची भेजकर जांच करने के लिए कहा है। इसके चलते केंद्र व्यवस्थापकों को नोटिस देकर जवाब मांगा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हाईस्कूल गणित की परीक्षा के दौरान नियंत्रण कक्ष में नवामील स्थित शांति देवी इंटर कॉलेज, करवना स्थित शंकरा देवी इंटर कॉलेज और गढ़ी चंदन स्थित मुरारी सिंह इंटर कॉलेज में नकल कराने की शिकायत आई। इस पर सचल दल को भेजा गया, लेकिन ऐसा कुछ मिला नहीं। फोन कर केंद्र व्यवस्थापक से भी बात कर रिपोर्ट मांगी है।