यूपी बोर्ड परीक्षाएं 24 मार्च से शुरू हो रही हैं। जिले में 80,672 हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र परीक्षा देंगे। परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र आ चुके हैं, जो विद्यालयों से प्राप्त किए जा सकेंगे।
यूपी बोर्ड की ओर से परीक्षा कार्यक्रम जारी हो गया है। इसके साथ ही 80672 विद्यार्थियों का प्रवेश पत्र का इंतजार भी खत्म हो गया है। मंगलवार की देर रात्रि प्रवेश पत्र जिले में आ गए। इसके बाद उन्हें विद्यालयों में वितरित किया जाएगा। अधिकांश विद्यालयों को प्रवेश पत्र आज वितरित किए गए, जहां से छात्र-छात्राएं अपना प्रवेश पत्र ले सकेंगे।
विज्ञापन
इस बार जिले में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा 119 केंद्रों पर कराई जाएगी, जिसमें हाईस्कूल में 42,254 व इंटरमीडिएट में 38,418 परीक्षार्थी शामिल होंगे। तिथि घोषित होते ही छात्र-छात्राएं परीक्षा की तैयारी में जुट गए। यूपी बोर्ड ने परीक्षा की तिथि जारी तो कर दी लेकिन बच्चों का प्रवेश पत्र नहीं पहुंचा था, जिससे बच्चे स्कूल के चक्कर लगा रहे थे। इससे उन्हें काफी परेशानी भी हो रही थी। बोर्ड ने विद्यार्थियों की उस समस्या को भी समाप्त कर दिया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक बालमुकुंद प्रसाद ने बताया कि बोर्ड ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं का प्रवेश पत्र भेज दिया है। प्रवेश पत्र हमारे कार्यालय से स्कूल प्रधानाचार्य प्राप्त कर सकते हैं। कुछ स्कूल संचालक प्रवेश पत्र ले जा चुके हैं। छात्र-छात्राओं को विद्यालयों से प्रवेश पत्र का वितरण किया जाएगा।
विज्ञापन
सभी परीक्षा केंद्र पर पहुंच गईं उत्तर पुस्तिकाएं
जनपद के सभी 119 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं पहुंच चुकी हैं। वहीं, प्रश्न पत्रों को भी कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। प्रशासनिक अधिकारी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर उत्तर पुस्तिकाओं के रखरखाव की जानकारी करेंगे। कोड के हिसाब से उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण हुआ है।