आगरा में सर्दी का सितम जारी है लेकिन सियासी पारा लगातार चढ़ रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने पिछले चुनाव में नौ विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। अब प्रतिष्ठा दांव पर है। भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक लगातार आगरा में अपने प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। शुक्रवार को सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आगरा पहुंचे और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से वोट देने की अपील की।
आगरा आए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लिया। फतेहपुर सीकरी में संवाद कार्यक्रम के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षियों पर तंज कसते हुये कहा कि ये लोग लूट योजना के लिए, जमीन पर कब्जा करने के लिए अराजकता के लिए राजनीति करते है। इनका लक्ष्य है बांटों और वोट लेकर सत्ता प्राप्त कर लोगों को लूटो।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 15 साल में इतने कार्य नहीं हुए जितने पांच वर्ष में भाजपा सरकार ने किए। वर्ष 2017 में आगरा ने नौ विधायक दिए। 2019 में यूपी ने 64 सांसद दिए तभी पांच सौ साल का काम पांच साल में राम मंदिर निर्माण प्रारंभ हुआ। कश्मीर को धारा 370 से मुक्ति देकर देशवासियों को दर्द से मुक्ति दिलाई हैं। अगर भाजपा नहीं होती तो यह संभव नहीं था। गरीब से गरीब आदमी की खुशहाली का काम भाजपा ने किया है। गैस कनेक्शन हो या प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, उज्जवला योजना, आवास योजना आदि से खुशहाली आई है। पूर्व की समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 300 यूनिट फ्री बिजली देने वालों के समय बिजली के तारों पर कपड़े सूखते थे। सपा एंड कंपनी का गठबंधन तो यूपी की 24 करोड़ जनता के लिए खतरे की घंटी है। भाजपा है तो भरोसा है। इस मौके पर क्षेत्र में व्याप्त सिंचाई की समस्या के लिए उन्होने आश्वासन दिया कि सरकार द्वारा ही समाधान कराया जाएगा। हर घर नल योजना के तहत सभी घरों में नल से पानी पहुंचाने का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है।
इस मौके पर उन्होंने प्रत्याशी चौधरी बाबूलाल को अठारह वर्ष का बताकर ऊर्जावान और जोश के साथ कार्य करने वाला बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हुकम सिंह ने की और संचालन वीरपाल माहुरा, सोनू चौधरी ने किया।