रवानगी से पहले पुलिस लाइन में मतदान कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद जिले के टूंडला विधानसभा उपचुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां सोमवार की सुबह पुलिस लाइन से रवाना हुईं। मतदान मंगलवार को सुबह सात बजे से शुरू होगा। विधानसभा क्षेत्र के तीन लाख, 60 हजार, 427 मतदाता 10 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
95-टूंडला विधानसभा क्षेत्र (सुरक्षित) का उपचुनाव कराने के लिए 558 पोलिंग पार्टियां बनाई गईं हैं। इन्हें सुबह सात बजे पुलिस लाइन से मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। पोलिंग पार्टियों को ड्यूटी पत्र वितरण के लिए पुलिस लाइन में कुल 40 टेबल लगाई गईं।
ड्यूटी पत्र वितरण और पोलिंग पार्टियों की रवानगी चुनाव प्रेक्षक और तीन सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई। इससे पूर्व रविवार को मुख्य विकास अधिकारी नेहा जैन और सहायक निदेशक मत्स्य श्रीकृष्ण शर्मा निर्वाचन कार्य से जुडे़ कार्मिकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
टूंडला विधानसभा के आंकड़े
मतदान केंद्रों पर रवाना हुईं पोलिंग पार्टी
- फोटो : अमर उजाला
कुल मतदाता - 360427
महिला मतदाता - 193446
पुरुष मतदाता - 166965
अन्य मतदाता - 16
कुल प्रत्याशी - 10
पोलिंग पार्टियां - 558
रिजर्व पोलिंग पार्टी - 56
सुपर जोनल मजिस्ट्रेट - 03
जोनल मजिस्ट्रेट - 06
सेक्टर मजिस्ट्रेट -37
स्टैटिक मजिस्ट्रेट- 30
माइक्रो आर्ब्जवर- 100
(इसके अतिरिक्त प्रत्येक पोलिंग पार्टी के साथ एक पुलिस गारद रहेगी।)
वंचित स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट को दिया प्रशिक्षण
चुनावी प्रशिक्षण से वंचित कार्मिकों, स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट आदि का प्रशिक्षण रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में दिया गया। सभी माइक्रो आर्ब्जवर, स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट को सोमवार सुबह सात बजे पुलिस लाइन दबरई में बुलाया है।
मतदाता पहचान पत्र के लिए कंट्रोल रूम पर आए फोन
जिन मतदाताओं के पास मतदाता पहचान पत्र नहीं हैं। ऐसे मतदाता कंट्रोल रूम पर फोन लगा रहे हैं। कुछ मतदाताओं ने पहचान पत्र नहीं मिलने की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर भी की है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर स्थापित निर्वाचन संबंधी शिकायत और समस्या निराकरण कंट्रोल रूम पर पिछले दो दिनों से फोन कॉल आ रहे हैं। रविवार को 32 शिकायतें दर्ज हुईं।