आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो रही हैं। 17 नवंबर से 22 दिसंबर तक चलने वाली परीक्षाओं में स्नातक और परास्नातक के विषम सेमेस्टर के 2.54 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय ने 276 केंद्र बनाए हैं। हालांकि, परीक्षा से एक दिन पहले तक विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड मिलने का इंतजार रहा। विश्वविद्यालय ने सोमवार शाम पांच बजे से विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड जारी करने शुरू किए।
विश्वविद्यालय ने इस बार भी अधिकांश सेल्फ सेंटर बनाए हैं लेकिन 100 से कम विद्यार्थियों वाले कॉलेजों के विद्यार्थियों को दूसरे कॉलेजों में परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है। ऐसे कॉलेजों की संख्या 150 से अधिक बताई जा रही है। इन कॉलेजों के विद्यार्थियों के सामने परीक्षा से ठीक एक दिन पहले तक यह असमंजस बना रहा कि उनका परीक्षा केंद्र कहां है और उन्हें परीक्षा देने के लिए किस कॉलेज में पहुंचना होगा।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार पहले पाली में सुबह 8 से 10 बजे तक, दूसरी पाली में सुबह 11 बजे से 1 बजे तक और तीसरी पाली में दोपहर 2 से 4 बजे तक परीक्षाएं होंगी।
30 नोडल केंद्रों पर परीक्षा सामग्री भेजी जा चुकी है। खंदारी परिसर में ऑनलाइन मॉनिटरिंग सेंटर बनाया गया है, जहां से परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी। नकल रोकने के लिए सचल दल गठित किए गए हैं। आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं।
विश्वविद्यालय ने सभी परीक्षा केंद्रों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले अपने एडमिट कार्ड में दर्ज परीक्षा केंद्र, विषय और परीक्षा की पाली की जानकारी ध्यान से देखने के लिए कहा गया है।
परीक्षा फॉर्म 15 नवंबर तक भरे गए हैं। इस कारण 16 नवंबर को एडमिट कार्ड जारी किए गए। अधिकांश सेल्फ सेंटर बने हैं तो विद्यार्थियों को कोई परेशानी नहीं होगी। कुछ विद्यार्थी परीक्षा फॉर्म भरने से रह गए हैं। जरूरी नहीं है, जो समर्थ पोर्टल पर विद्यार्थी पंजीकृत हो वह भी परीक्षा फॉर्म भरे। - प्रो. ओमप्रकाश, परीक्षा नियंत्रक