डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के कर्मचारी हत्याकांड में हत्यारोपी की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है। ऐसे में शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ ने कमिश्नर के घेराव का निर्णय लिया है। सोमवार को विश्वविद्यालय से घटनास्थल तक कैंडल मार्च निकाला जाएगा। अगले दिन भारी संख्या में कर्मचारी कमिश्नरी पहुंचेंगे। इसमें आगरा विश्वविद्यालय शिक्षक संघ, उप्र महाविद्यालय शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ और एसोसिएशन ऑफ सेल्फ फाइनेंस कालेज के सदस्य भी शिरकत करेंगे। वहीं कर्मचारियों की हड़ताल आठवें दिन भी जारी रही। विश्वविद्यालय के सभी विभागों में ताला पड़ा रहा। कर्मचारी अध्यक्ष अखिलेश चौधरी ने कहा कि राजनीतिक दबाव में पुलिस हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं कर रही। सोमवार को कैंडल मार्च और अगले दिन कमिश्नर का घेराव होगा। उन्होंने शिक्षक, कर्मचारियों से प्रदर्शन में भाग लेने की अपील की। बता दें कि कर्मचारी संघ ने बुधवार को एसपी सिटी को ज्ञापन देकर 48 घंटे में अपराधियों को पकड़ने की चेतावनी दी थी।
‘आरोपी को जल्द गिरफ्तार करे पुलिस’
उत्तर प्रदेश महाविद्यालय शिक्षणेत्तर कर्मचारी परिषद ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आक्रोश जताया। एकजुट होकर कर्मचारी कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाकर अपराधियों को पकड़ने की मांग की। प्रतिनिधि मंडल ने एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह को ज्ञापन देकर जल्द गिरफ्तारी की मांग की। अध्यक्ष एचके भारद्वाज ने कहा कि आरोपी न पकड़े गए तो कालेजों में तालाबंदी कर दी जाएगी। प्रदर्शन में महामंत्री शंकरलाल, एके सोनी, राजीव सिंह, डीएस असवाल, बच्चू सिंह, राकेश कुमार सिंह, डीएस मेहरा, मनीष पाल आदि रहे।