उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में रविवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक स्कॉर्पियो कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस भीषण हादसे में स्कॉर्पियो सवार दो सैनिकों की दर्दनाक मौत हो गई है। नोएडा से आगरा की तरफ जा रही स्कॉर्पियो कार रविवार सुबह तकरीबन 6:15 बजे माइल स्टोन 75 पर गांव लखुटिया पार के निकट अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
स्कॉर्पियो गाड़ी में दो लोग सवार थे। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची स्थानीय पुलिस व एक्सप्रेसवेकर्मियों ने मृतकों को गाड़ी से बाहर निकाला। ग्वालियर(मध्य प्रदेश) के मोहाना निवासी प्रदीप सिंह सरदार (37) पुत्र पूरन सिंह और सरदार गुरुबख्श सिंह (42) पुत्र सरदार जगतार सिंह निवासी माड़ी कम्बोक,तरनतारन (पंजाब) शनिवार की शाम सात बजे अमृतसर से स्कॉर्पियो से ग्वालियर के लिए चले। सेना पुलिस में लांस नायक प्रदीप अमृतसर में तैनात था जो कि छुट्टी पर घर आ रहा था, जबकि गुरुबख्श लद्दाख में तैनात था।
सागर में ट्रांसफर होने के कारण ज्वाईनिंग करने अपने दोस्त के साथ जा रहा था। रविवार की सुबह थाना नौहझील पर हादसे में दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान पत्रों के माध्यम से शिनाख्त करके परिजनों को सूचित किया। दोनों लांस नायक एक दो साल में सेवानिवृत्त होने वाले थे। दोनों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया। एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि सेना पुलिस में दोनों लांस नायक थे, परिजन शव ले गए हैं।