फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: चाचा ने किया भतीजे का अपहरण, फिराैती में मांगे दो लाख

विज्ञापन
विज्ञापन
आगरा। थाना एत्माद्दाैला के सुशील नगर में शुक्रवार दोपहर जय कुमार (4) का अपहरण हो गया। तीन घंटे बाद बच्चे के पिता को व्हाट्सएप काॅल कर दो लाख रुपये फिराैती की मांग की गई। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया तो आरोपी की पहचान बच्चे के चाचा के रूप में हुई। पुलिस की कई टीमें तलाश में लग गईं। अपहरण के आठ घंटे बाद अपहरणकर्ता बच्चे को घर के पास छोड़ गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी जुआ खेलने का आदी है। उसने अपने तीन साथियों की मदद से अपहरण किया था। एक संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हैं।
विज्ञापन

घटना दोपहर एक बजे की है। सुशील नगर निवासी सोनू वर्मा की प्रकाश नगर में राधे-राधे ज्वेलर्स के नाम से सोने-चांदी की दुकान है। वह 15 साल से व्यापार कर रहे हैं। डेढ़ साल पहले परिवार सुशील नगर में रहने आया था। सोनू अपनी पत्नी कामिनी और चार साल के बेटे जय कुमार के साथ रहते हैं, जबकि मां पदमा देवी और पिता निहाल सिंह 100 मीटर की दूरी पर दूसरे मकान में रहते हैं। पिता के साथ मकान में सोनू का छोटा भाई गगन भी रहता है।
कामिनी ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे बेटा घर से दादी के यहां जाने की बात कहकर निकला था मगर वहां नहीं पहुंचा। बच्चे के अपहरण की जानकारी से काॅलोनी के लोग तलाश में जुट गए। शाम करीब चार बजे सोनू के मोबाइल पर व्हाट्सएप काॅल आई। काॅल करने वाले ने दो लाख रुपये फिराैती की मांग की। रुपये नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इस पर बच्चे के दादा निहाल सिंह थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी।
विज्ञापन

डीसीपी सिटी सोनम कुमार और एसीपी छत्ता पियूष कांत राय माैके पर पहुंच गए। छह टीमें गठित कर तलाश शुरू की गई। काॅल करने वाले की लोकेशन आसपास की आ रही थी। तभी पुलिस को क्षेत्र में लगे कैमरों से सुराग मिला। कैमरे में हाथ पकड़कर एक युवक बच्चे को लेकर जाता नजर आया। परिजन ने उसकी पहचान गगन के रूप में की। वह बच्चे का चाचा निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।
रात करीब नाै बजे जय दादी के घर के पास पैदल आता नजर आया। पुलिस ने उसे परिजन के सुपुर्द कर दिया। पुलिस का कहना है कि पुलिस की घेराबंदी की वजह से अपहरणकर्ता उसे छोड़कर चले गए।


बहाने से हाथ पकड़कर ले गया
पुलिस आयुक्त ने बताया कि बच्चे का अपहरण उसके चाचा गगन ने ही किया था। इसमें उसके तीन साथी शब्बीर, बबलू और अल्लू शामिल थे। भतीजा दादी के घर जा रहा था। तभी चाचा आ गया। भतीजे को बहाने से हाथ पकड़कर अपने साथ ले गया। बच्चा भी चाचा के साथ आराम से चला गया। बाद में उसके साथी बच्चे को ले गए थे। पहचान होने पर तलाश की जा रही है। उधर, पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ा है।

-
बेटे से लिपट गई मां
इकलाैते बेटे के अपहरण के बाद मां कामिनी के आंसू थम नहीं रहे थे। वह घर के दरवाजे पर बैठी रो रही थीं। भगवान से प्रार्थना करती रहीं कि बेटा किसी तरह से मिल जाए। रात में जब पुलिसकर्कियों ने उन्हें बताया कि बेटा मिल गया है तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वह घर से बाहर की तरफ दाैड़ पड़ी। पुलिसकर्मी जैसे ही बेटे को लेकर आए, उन्होंने उसे गोद में ले लिया और लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगीं। उनका कहना था कि बेटा ही दुनिया है। वह अब उसे दूर नहीं जाने देंगी। परिजन ने पुलिस का आभार जताया।
-

जुआ खेलने में जेल जा चुका है गगन
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गगन 2019 में जुआ खेलते हुए पकड़े जाने पर जेल भेजा गया था। वह घर में ही चोरी करता है। परिजन से पूछताछ में पता चला कि उसने हाल ही में अपने भाई का मोबाइल चोरी कर लिया था। इस पर परिवार में झगड़ा भी हुआ था। आए दिन रुपयों की मांग करता है। इससे सभी लोग परेशान हैं। अब उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर भतीजे के अपहरण की साजिश रच डाली। सभी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हैं। आशंका है कि सभी आरोपी क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। उन्हें पुलिस कार्रवाई के बारे में पता चल गया था, इसलिए बच्चे को छोड़ गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें