कोयना को आज मिल सकती है भारत के लिए फ्लाइट
करहल निवासी एमबीबीएस छात्रा कोयना यादव पिछले चार दिनों से हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में ही है। शनिवर को परिजनों से हुई बात में कोयना ने बताया कि वह बुडापेस्ट में ही है। यहां आज रात फ्लाइट उसे भारत के लिए फ्लाइट मिलने की उम्मीद है। फ्लाइट से मुंबई के लिए मिलेगी या दिल्ली के लिए यह अभी कंफर्म नहीं है। कोयना के परिजन बेेसब्री से उसका इंतजार कर रहे हैं।
रोमानिया से आज कार्तिक पहुंचेगा भारत
बेवर के मोहल्ला महाजनान निवासी रामजी गुप्ता का पुत्र कार्तिक गुप्ता यूक्रेन में एमबीबीएस कर रहा है। गुरुवार को कार्तिक रोमानिया पहुंच गया था। पिछले तीन दिन से उसे स्वदेश लौटने के लिए फ्लाइट नहीं मिल सकी। परिजनों से हुई बात में कार्तिक ने बताया कि रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट स्थित एयरपोर्ट पर वह मौजूद है। आज रात उसे दिल्ली या मुंबई के लिए फ्लाइट मिल सकती है। कार्तिक के परिजनों को उसके घर पहुंचने का इंतजार है।
राहुल दो दिन से कर रहा फ्लाइट का इंतजार
कुरावली के मोहल्ला फर्दखाना निवासी चीफ फार्मासिस्ट डॉ. सूरज पाल सिंह का 26 वर्षीय पुत्र राहुल यूक्रेन में एमबीबीएस की शिक्षा ग्रहण कर रहा है। वह गुरुवार को 25 घंटे की यात्रा के बाद रोमानिया सकुशल पहुंच गया था। शनिवार को राहुल से हुई वार्ता के बाद परिजनों ने बताया कि वह रोमानिया स्थित एयरपोर्ट पर मौजूद है। वह दो दिन से भारत के लिए आने वाले फ्लाइट का इंतजार कर रहा है। परिजनों ने बताया कि उम्मीद है कि वह राहुल को दिल्ली के लिए रविवार को फ्लाइट मिल जाए।
आज भारत पहुंच सकती हैं स्नेहा
शहर के मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी निवासी देवेश यादव की पुत्री एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा स्नेहा यादव गुरुवार को हंगरी बॉर्डर पार कर हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट पहुंच गई थी। स्नेहा यादव के नाना शिवराज सिंह ने बताया कि स्नेहा शनिवार को बुडापेस्ट में भारतीय दूतावास की देखरेख में एक होटल में मौजूद है। शनिवार की रात उसे दिल्ली या मुंबई के लिए फ्लाइट मिलने की उम्मीद है। परिजन स्नेहा के घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
रूस यूक्रेन सीमा पर दूसरे दिन भी रहा अभिषेक
थाना क्षेत्र के गांव जसवंतनगर निवासी पेशगार सिंह का पुत्र अभिषेक यूक्रेन में ही फंसा हुआ है। एमबीबीएस के छात्र अभिषेक ने शनिवार को परिजनों से हुई बात में बताया कि वह रूस के बॉर्डर की तरफ बढ़ रहा है। उम्मीद है कि रविवार को वह रूस पहुंच जाएगा। अभिषेक के यूक्रेन में फंसे होने पर परिवार के लोग चिंतित हैं।