बाह। आगरा इटावा स्टेट हाइवे पर बुधवार दोपहर 1 बजे बाह थाने के सामने तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो साल की मासूम घायल हो गई। बाह पुलिस ने घायल को इलाज के लिए सीएचसी पर भर्ती कराया। जहां से एसएन मेडीकल कॉलेज आगरा के लिए रेफर कर दिया। कानपुर के मढाना क्षेत्र के रहने वाले अवधेश अपनी दो साल की बेटी मीनाक्षी के साथ बाइक से बाह थाने के सामने से गुजर रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मीनाक्षी बाइक से सड़क पर गिर कर घायल हो गई।
मैक्स की टक्कर से छात्र घायल, चालक से मारपीट
पिनाहट। थाना क्षेत्र के स्याहीपुरा के पास बुधवार सुबह स्कूल जा रहे एक बालक को मैक्स वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने वाहन चालक की पिटाई कर दी। पुरा जवाहर निवासी मयंक (करीब 10 वर्ष), पुत्र कप्तान सिंह, सुबह शांतिनिकेतन पब्लिक स्कूल जा रहा था स्याहीपुरा के पास पीछे से आए मैक्स वाहन ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में मयंक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान मैक्स चालक सुनील निवासी फतेहबाद के साथ ग्रामीणों ने मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को एंबुलेंस से सीएचसी पिनाहट लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।