मैनपुरी। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार की सुबह एक सूचना पर जेल चौराहा के पास दो लुटेरों की घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग भी गई। मुठभेड़ में पुलिस ने लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया, उनके कब्जे से दो लूटे मोबाइल, चोरी की बाइक व तमंचा कारतूस मिले। लुटेरों ने पुलिस को गैंग से जुड़ी कई अहम जानकारियां भी दी हैं।
शहर में जेल चौराहा के पास एक बुलट बाइक पर दो शातिर लुटेरे किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस सूचना पर मंगलवार की सुबह स्वाट टीम/इंस्पेक्टर कोतवाली विक्रम सिंह ने एसआई जैकब फर्नाडीज व टीम के साथ बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। पुलिस से खुद को घिरता देख बाइक सवार दोनों बदमाश भागने लगे, पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जा से चोरी की बाइक, लूट के दो मोबाइल, व तमंचा कारतूस मिले।
इंस्पेक्टर ने बताया कि पूछताछ में लुटेरों ने अपने नाम शीलू यादव निवासी कृष्णा नगर करहल और मिथलेश कुमार निवासी गांव सींगनी किशनी बताया। पूछताछ में लुटेरों ने बताया कि वह बाइक से घूम कर मोबाइल, नकदी आदि लूट की वारदात अंजाम देते थे। पूछताछ में पुलिस को गैंग के संबंध में कई अहम जानकारियां हाथ लगीं हैं। पकड़े गए लुटेरों को पुलिस ने न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा।