मथुरा में शनिवार रात को यमुना एक्सप्रेसवे पर नोएडा से आगरा की तरफ गश्त कर रही पुलिस की पीआरवी गाड़ी को एक कैंटर ने पीछे से टक्कर मार दी। गाड़ी में सवार सिपाही और दरोगा घायल हो गए। सिपाही की हालत गंभीर है।
थाना मांट क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 94 पर पुलिस की पीआरवी गाड़ी नंबर 1876 नोएडा से आगरा की तरफ गश्त कर रही थी, तभी पीछे से तेजगति में आए कैंटर ने गाड़ी में टक्कर मार दी।
गाड़ी में बैठे सिपाही गोविंद और दरोगा सुरेश सिंह घायल हो गए, वहीं चालक अमित उपाध्याय बाल-बाल बच गए। हादसे की सूचना पर पहुंचे टोल चौकी प्रभारी शिववीर सिंह ने घायलों को नयति अस्पताल में भर्ती कराया।
गोविंद की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने टक्कर मारने वाले कैंटर की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच कराई जा रही है।