एटा में जीटी रोड स्थित माया पैलेस चौराहा पर रविवार तड़के ट्रक से कुचल कर दो सगी बहनों की मौत हो गई। दोनों बहनें भाई के नाती की मौत होने पर मायके जा रहीं थीं तभी हादसे का शिकार हो गईं। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
कोतवाली नगर के जीटी रोड स्थित होटल माया पैलेस चौराहा पर रविवार सुबह सात बजे ट्रक से कुचल कर नीलम (40) पत्नी अखिलेश निवासी नगला जऊ थाना जैथरा और इनकी बड़ी बहन बृजेश कुमारी (52) पत्नी शशिकांत दीक्षित निवासी बृज विहार कालोनी, सकीट रोड थाना कोतवाली नगर की मौत हो गई। मृतका नीलम के पुत्र प्रशांत ने बताया है कि वह मां और मौसी को बाइक पर बैठाकर अपनी ननिहाल गांव बनियानी थाना अमांपुर जिला कासगंज जा रहा था।
वह शहर में बहुत कम आया है, मौसी बृजेश कुमारी को बाइक पर बिठाने के बाद अमांपुर के लिए जाना था, लेकिन जीटी रोड पर रास्ता भटक गया। इसकी वजह से होटल माया पैलेस चौराहा पहुंच गया। यहां पहुंचने पर मौसी ने कहा कि रास्ता भूल गए, चौराहा से बाइक को यूटर्न किया और रास्ता पूछने लगे। तभी पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी और मां व मौसी ट्रक से कुचल गईं।
प्रशांत ने बताया है कि पांच दिन पहले मामा के नाती की बीमारी से मौत हो गई थी, इसलिए ननिहाल जा रहे थे। प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया है कि शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों का सौंप दिया है। ट्रक कब्जे में है और अखिलेश की तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया है।