फिरोजाबाद में स्टेशन रोड स्थित दाऊजी रेस्टोरेंट में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति पर लाइसेंसी रिवाल्वर तक तान दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यहां का है मामला
दक्षिण थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती निवासी अभय कुमार गुप्ता का कहना है कि वह अपने दोस्तों के साथ खाना खाने के लिए स्टेशन रोड स्थित दाऊजी रेस्टोरेंट में गए थे। यहां पर पहले से महावीर नगर निवासी एक युवक परिवार के साथ मौजूद था। हम सभी दोस्त आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी इसका विरोध महावीर नगर निवासी युवक ने किया। इस पर विवाद बढ़ गया। विवाद इतना बढ़ा कि रेस्टोरेंट के अंदर मारपीट हो गई। यहां मौजूद रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने किसी तरह से मामला शांत कराया।
ये भी पढ़ें - Agra: विकास प्राधिकरण ने अरबों रुपये खर्च कर बनाए आशियाने, लेकिन खरीदार नहीं, जानें वजह
तान दी लाइसेंसी रिवाल्वर
पीड़ित अभय गुप्ता का कहना है कि इस बीच महावीर नगर निवासी युवक ने उसके ऊपर लाइसेंसी रिवाल्वर तान दी। मामला बढ़ता देख दक्षिण थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस दोनों को थाने ले आई और पूछताछ की। अभय कुमार ने महावीर नगर निवासी दो लोगों को नामजद करते हुए दक्षिण थाना पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में कहा कि घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। विवाद की सूचना पर व्यापारी नेता प्रशांत माहेश्वरी भी मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष दक्षिण बैजनाथ सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।