फिरोजाबाद के थाना एका क्षेत्र के गांव रामपुर में अनाज बंटवारे को लेकर किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
गांव रामपुर में बृहस्पतिवार की रात तस्लीम उर्फ चीटा पुत्र रियासत अली की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया गया है कि तस्लीम ने गांव के ही रहने वाले जितेंद्र उर्फ मोरेंद्र पुत्र कोमल सिंह से बंटाई पर खेत लिया था। तस्लीम के साथ इस बंटाई की खेती में रामवीर पुत्र कोकाराम और फूल सिंह पुत्र चंपाराम भी शामिल थे।
बृहस्पतिवार की रात धान की फसल की कटाई होकर आई थी। उससे पहले की गई लहसुन की फसल खेत मालिक मोरेन्द्र के घर पर रखी थी। खेत की बुवाई करने के लिए आई डीएपी खाद भी मोरेन्द्र के घर पर ही थी। शाम लगभग 7:00 बजे तस्लीम खेत मालिक मोरेन्द्र के घर फसल की हिस्सेदारी एवं बुवाई के लिए लहसुन और खाद मांगने गया था। वहीं इसका विवाद हो गया।
आरोप है कि मोरेन्द्र ने अपने घर पर ही तस्लीम की मारपीट कर दी। कुछ देर बाद किसी ने फिर तस्लीम को फोन किया और ट्यूबवेल की चाबी मंगाई। मृतक की पत्नी ने बताया कि चाबी लेकर उसके पति घर से निकल गए। इसके बाद मोरेन्द्र ने फूल सिंह और रामवीर के साथ मिलकर तस्लीम की गोली मारकर हत्या कर दी।
मामले की जानकारी होते ही फिरोजाबाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के साथ एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह, क्षेत्राधिकारी जसराना देवेंद्र सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए। एका थाना अध्यक्ष संजीव कुमार दुबे ने बताया कि मामले में तीन लोगों के खिलाफ तहरीर प्राप्त हो चुकी है। जल्द ही मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।