आगरा में थाना शाहगंज के सराय ख्वाजा में गुरुवार को दो रुपये के विवाद में दुकानदार और ग्राहक भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों के परिवार के लोगों में मारपीट होने लगी। इस दौरान टॉयलेट क्लीनर की बोतल फेंकने से दुकानदार का बेटा और ग्राहक की बहन झुलस गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस का कहना है कि किसी परिवार ने तहरीर नहीं दी।
दो रुपये थे उधार
शाहगंज के सराय ख्वाजा में फखरुद्दीन की घर में ही परचून की दुकान है। गुरुवार सुबह 11 बजे दुकान पर दुकानदार की पत्नी सन्नो बैठी थीं। तभी मोहल्ले के ही अली हुसैन का बेटा सलमान पांच रुपये का मंजन का पाउच लेने आया। उस पर दुकानदार के शैंपू के पाउच के दो रुपये उधार थे।
टॉयलेट क्लीनर की बोतल फेंक दी
सन्नो ने उससे दो रुपये मांग लिए। इस पर वो घर से दस रुपये लेकर आया। सन्नो ने उसे दो रुपये काटने के बाद आठ रुपये वापस कर दिए। पांच रुपये का मंजन देने से मना कर दिया। इस पर सन्नो और सलमान में विवाद हो गया। तब तो सलमान चला गया। कुछ देर बाद फिर आया। उनका विवाद हो गया। इस पर दोनों के परिजन आ गए। उनमें मारपीट होने लगी। यह देखकर भीड़ जुट गई।
मामला बढ़ने पर किसी ने दुकान में रखी टॉयलेट क्लीनर की बोतल फेंक दी। बोतल टूटने से केमिकल गिरा। केमिकल सलमान की बहन रानी के हाथ और फखरुददीन के बेटे शानू की आंख में गिरा। दोनों झुलस गए। केमिकल के छींटे कुछ और लोगों पर गिरे। इससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने शानू और रानी को एसएन मेडिकल कालेज इमरजेंसी में भर्ती कराया। थाना शाहगंज के प्रभारी कृष्णवीर सिंह सिरोही का कहना है कि टॉयलेट क्लीनर की बोतल फेंकने से रानी और शानू झुलसे हैं। उनका उपचार कराया गया। दो रुपये की उधारी को लेकर विवाद हुआ। किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।