पलवल। सदर थाना क्षेत्र में केएमपी एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह डंपर की टक्कर से बेकाबू हुई कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में पोलैंड निवासी युवक और आगरा निवासी टैक्सी चालक की मौत हो गई। वहीं, विदेशी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। ये लोग ताजमहल देखने जा रहे थे। पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बसई निवासी नफीस दिल्ली में टैक्सी चलाते थे। बुधवार सुबह वह गुरुग्राम स्थित होटल हयात से पोलैंड निवासी मज्जीक (29) और अग्नेशका (27) को लेकर आगरा जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े छह बजे एक्सप्रेसवे पर पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मज्जीक और चालक नफीस को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अग्नेशका को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही नफीस के परिजन अस्पताल पहुंच गए और पुलिस को लिखित शिकायत दी। अधिकारियों का कहना है कि डंपर चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।