खंदौली थाना क्षेत्र के नंदलाल पुर निवासी बेनामी (28) पुत्र बाबूलाल आगरा गंज में टेंपो चलाता था। गुरुवार की रात वो आगरा से गांव नंदलालपुर आ रहा था। टेंपो में उसके साथ गांव निवासी जितेंद्र (26)पुत्र भगवती भी था।
जितेंद्र गंज में ही पल्लेदारी करता था। टेंपो जैसे ही ग्राम नंदलालपुर के समीप पहुंचा। हाथरस की तरफ से आ रही फाउंड्री नगर डिपो की रोडवेज बस ने ओवरटेक करने के चक्कर में टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में टेंपो सवार चालक बेनामी और मजदूर जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से टेंपो में फंसे शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं घटना की सूचना मृतक के परिजनों को हुई, तो वे भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर शवों को न पाकर लोगों ने हंगामा कर दिया। बस में तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया।