मैनपुरी। जिले में डायरिया के साथ ही बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। तेज धूप और गर्म हवा से बच्चों की दिक्कतें बढ़ रही हैं। बुधवार को ईंट भट्टे पर मजदूर के दो माह के बच्चे की बुखार से मौत हो गई। वहीं जिला अस्पताल से छह मरीजों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
बुधवार को जिला अस्पताल में सुबह से मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी में 670 मरीजों को उपचार दिया गया, इनमें बाल रोग विशेषज्ञ के पास 130 मरीज पहुंचे। सर्वाधिक मरीज बुखार, डायरिया, पेटदर्द और सांस लेने में दिक्कत से पीड़ित थे। कोतवाली थाना क्षेत्र में एबीएस ईंट उद्योग पर काम करने वालेे रतन कुमार ने बताया कि दो माह के पुत्र आकाश को कुछ दिन से बुखार आ रहा था। निजी डॉक्टर से उपचार करा रहे थे। बुधवार को हालत बिगड़ी तो परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सांस लेने में परेशानी, डायरिया आदि से पीड़ित छह मरीजों को सैफई रेफर किया गया।