आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के समीप शुक्रवार देर रात एसटीएफ और आगरा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। जबकि तीन बदमाश मौका पाकर फरार हो गए। पकड़े गए दोनों बदमाश लूटपाट और चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य हैं।
गिरफ्तार बदमाशों में प्रवेश उर्फ पोदी पुत्र ओम प्रकाश निवासी बुढाना, थाना ताजगंज और योगेश पुत्र रामकिशन निवासी रामनगर कालौनी, वर्तमान पता बीयर बार के पीछे, बाईपास फतेहाबाद हैं। इनके कब्जे से बाइक सहित लूट का काफी सामान बरामद हुआ है।
आरोपी योगेश एक माह पूर्व ही जेल से छूटा था। उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी थी। पकड़े गए दोनों बदमाश अपने साथियों के साथ मिलकर कस्बा और आसपास के इलाकों में वारदात को अंजाम देते थे। दोनों बदमाशों से पूछताछ में बड़ा खुलासा हो सकता है।