फतेहपुर सीकरी। खेरागढ़ थाना क्षेत्र के भिलावली गांव के पास शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से टाइल्स-पत्थर का काम करने वाले दो युवा मिस्त्रियों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से ग्राम मंगोली कला और नौरंगपुर में मातम छाया हुआ है।
मंगोली कला निवासी अंशु (18 वर्ष) पुत्र स्व. कल्याण सिंह और नौरंगपुर निवासी उसका साथी सनी (20 वर्ष) पुत्र सुभाष चंद्र शनिवार (2 मई) को खेरागढ़ क्षेत्र में काम करने गए थे। देर शाम दोनों बाइक से घर वापस लौट रहे थे। खेरागढ़ के भिलावली गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बाइक को रौंदते हुए निकल गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को तुरंत सड़क से हटाया और पुलिस को सूचित किया। आनन-फानन में दोनों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सनी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक अंशु और सनी दोनों अविवाहित थे और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का सहारा बने हुए थे। अचानक हुए इस हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।