पिनाहट। थाना बसई अरेला क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मानिकपुरा स्थित हर्षित पेट्रोल पंप के पास एक भीषण सड़क हादसे में 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने परिजन की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बसई अरेला निवासी विकास शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके चाचा सोहन (54 ) बृहस्पतिवार रात ग्राम मानिकपुरा के पास मौजूद थे। इसी दौरान किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोहन सड़क पर गिरकर घायल हो गए। परिजन ने सोहन को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इधर, थाना फतेहाबाद के गांव बन्ना निवासी गुड्डी देवी पत्नी स्वर्गीय रामदास का पुत्र बंटी दो सप्ताह पूर्व लडुआपुरा के पास बाइक की टक्कर से घायल हो गया था। रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।