आगरा। विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को विनायक वाटिका सहित दो अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया। बिना मानचित्र स्वीकृति के रोहता में 10 हजार वर्ग मीटर और सेवला सराय में 2000 वर्ग मीटर में अवैध कॉलोनियां बनाकर प्लॉट बेचे जा रहे थे।
अवैध कॉलोनियों के खिलाफ एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली ने अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को एडीए प्रवर्तन दल ने बुलडोजर से सेवला सराय, खत्ता कॉलोनी स्थित देवालय स्कूल के पास अजय चाहर की दो हजार वर्ग मीटर भूमि पर विकसित हो रही गेट बंद अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किया। इसके बाद प्रवर्तन दल ताजगंज वार्ड स्थित मौजा रोहता में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी विनायक वाटिका पहुंचा। विजय अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, संजय अग्रवाल और राम लखन एवं हरिओम चार कॉलोनाइजर मिलकर कॉलोनी बना रहे थे। अवैध भूखंड विन्यास कर बिक्री की जा रही थी। प्रवर्तन दल ने नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा-27 के तहत ध्वस्तीकरण किया। एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली का कहना है कि अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।