सुहागनगरी फिरोजाबाद के थाना नारखी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कंटेनर ने लखनऊ से दिल्ली जा रहे दो दोस्तों को रौंद दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर कंटेनर चालक भाग गया। जिसे लोगों ने करीब आठ किलो मीटर दूर पथराव कर रोका। चालक को जमकर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती करा दिया। साथ ही दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए।
लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र के महावीर पुरवा मोहल्ला निवासी अभिजीत (37) अपने दोस्त मदेगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला खदरा सीतापुर रोड निवासी आरिफ (32) के साथ किसी काम से बाइक से दिल्ली जा रहे थे। जैसे ही वे नारखी क्षेत्र के कपावली की ठार के समीप पहुंचे तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर मारने के बाद बाइक को काफी दूर तक घसीट ले गया। इसके बाद कंटेनर लेकर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों के शव रोड पर बिखर गए। सूचना वायरलैस पर चलने के बाद थाना उत्तर, रामगढ़ और नारखी थाने की पुलिस कंटेनर का पीछा करने में जुट गई।
बेंदी की पुलिया के पास नबाब कॉलेज पर लोगों ने कंटेनर पर पथराव कर दिया। जिससे चालक को कंटेनर रोकना पड़ा। लोगों ने चालक को बाहर खींचकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराकर दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए।
देर रात तक शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। जानकारी हुई तो परिजन को जानकारी दी गई। परिजन लखनऊ से फिरोजाबाद पोस्टमार्टम गृह पर पहुंचे। थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह ने बताया कि चालक को हिरासत में लेने के साथ कंटेनर को कब्जे में ले लिया है। मृतक के भाई अभिषेक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिए हैं।
तीन थानों में उलझा हादसा
सड़क हादसे की सूचना पर उत्तर थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया था। पहले जानकारी दी गई थी कि हादसा बेंदी की पुलिया के पास हुआ है। जो कि उत्तर थाना क्षेत्र में आता है। इसके बाद जानकारी दी गई कि हादसा चनौरा पुल पर हुआ है तो रामगढ़ थाने की पुलिस शवों को पोस्टमार्टम गृह में रखवाने पहुंच गई थी। इसके बाद जानकारी हुई कि हादसा कपावली की ठार पर हुआ है तो नारखी थाना क्षेत्र में आता है। इसके कारण नारखी पुलिस ने कार्रवाई की है।