एटा के थाना जसरथपुर क्षेत्र में अलीगंज-मैनपुरी मार्ग पर गांव दहेलिया मोड़ के पास सोमवार की शाम बोलेरो कार की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर करीब दो घंटे बाद जाम खुलवाया।
सड़क हादसे में थाना अलीगंज के गांव झकरई निवासी मजदूर राहुल कुमार (22) पुत्र महेश चंद्र और उसके चचेरे भाई राज मिस्त्री मुकेश कुमार (21) पुत्र रघुवीर सिंह की मौत हुई है। महेश के भाई रूप सिंह ने बताया कि दोनों बाइक से मैनपुरी रिश्तेदारी में जा रहे थे। गांव से निकलने के बाद दहेलिया मोड़ पर पीछे से बोलेरो कार ने टक्कर मार दी। कार उनको कुचलती हुई निकल गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे अधिकारी
हादसे की खबर मिलते ही परिजन व अन्य ग्रामीण गांव दहेलिया पहुंच गए। यहां पर गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। हादसे और जाम की सूचना पर एसडीएम अलीगंज मानवेंद्र सिंह, सीओ अलीगंज राघवेंद्र सिंह पहुंचे। थाना जसरथपुर, अलीगंज, नयागांव तथा राजा का रामपुर से पुलिस बल बुला लिया गया।