कासगंज। जिले में हुई कोरोना की सैंपलिंग के बाद आई जांच रिपोर्ट में संक्रमित मिले दो व्यक्ति लापता हैं। आगरा, कासगंज, कानपुर में उसकी तलाश हो रही है, लेकिन कोई सुराग नहीं लग रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें सुरागकशी में लगी हुई हैं।
पांच दिन पहले कोरोना संक्रमण की जांच रिपोर्ट आई थी। यह सैंपल जांच के लिए आगरा गया था। आगरा से इसकी जांच रिपोर्ट आई। इसमें एक व्यक्ति संक्रमित आया। इसका पता कानपुर का था, लेकिन उसकी जांच कासगंज में हुई थी। जब रिपोर्ट आई तो उससे संपर्क करने के लिए कंट्रोल रूम ने संपर्क किया, लेकिन नंबर ही गलत निकला। उसने जो नंबर लिखाया है वे उड़ीसा में लग रहा है। अब स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कानपुर के स्वास्थ्य विभाग को सूचना दे दी है। शनिवार को भी रिपोर्ट आई, जिसमें हरवंश नाम का एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया। इसका सैंपल कासगंज से आगरा भेजा गया था। इसका मोबाइल नंबर व पता दोनों ही गलत हैं। इसका भी कुछ पता नहीं चल रहा है। दो संक्रमितों के लापता होने से स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ी हुई हैं। डर है कि कहीं यह संक्रमित अन्य लोगों के संपर्क में आकर संक्रमण का खतरा न बढ़ा दें।
सैंपलिंग के दौरान दो लोगों ने गलत नंबर दर्ज करा दिए। अब स्वास्थ्य विभाग की टीम उनकी तलाश कर रही है। कानपुर स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई है। पता किया जा रहा है- डा. अविनाश कुमार, प्रभारी सीएमओ।