बेवर। रविवार को कस्बे में झोलाछाप के यहां वृद्धा की मौत के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम कस्बा पहुंची। झोलाछाप के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. अजय कुमार ने दो निजी क्लीनिक को सील कर दिया।
कस्बा बेवर में वृद्धा की मौत के मामले को सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने गंभीरता से लिया। सोमवार को झोलाछाप के नोडल अधिकारी डॉ. अजय कुमार को बेवर भेजा गया। डॉ. अजय कुमार अपनी टीम के साथ जैसे ही बेवर पहुंचे कस्बा में अवैध क्लीनिक और मेडिकल स्टोरों के शटर गिरने लगे। एसीएमओ ने पंजीकरण के बिना संचालित कलकत्ता क्लीनिक को सील कर दिया। यहां झोलाछाप आरके विश्वास द्वारा मरीजों को उपचार दिया जा रहा था। रविवार को यहां एक महिला की मौत हुई थी। इसके साथ ही गंदे नाले के पास कलकत्ता क्लीनिक के नाम से ही मिथुन विश्वास भी एक क्लीनिक संचालित कर रहा था। वहां भी पंजीकरण नहीं मिला। एसीएमओ ने उसे भी सील कर दिया।
यहां मरीज को बोतलें लगाई जा रही थी लेकिन एसीएमओ के पहुंचने से पूर्व ही झोलाछाप ने मरीजों को मौके से हटा दिया। एसीएमओ ने दोनों जगह नोटिस भी चस्पा किया है।
किसी प्रकार से कोई भी व्यक्ति अवैध क्लीनिक और पैथोलॉजी आदि का संचालन न करे। जांच में बिना पंजीकरण के संचालन पाए जाने पर एफआईआर कराते हुए कार्रवाई की जाएगी।
डॉ.आरसी गुप्ता, सीएमओ