बच्ची में डेंगू की हुई थी पुष्टि
ग्राम प्रधान डॉ. देवेंद्र सिंह ने बताया कि बच्ची को कई दिनों से बुखार आ रहा था। जिसे संयुक्त जिला चिकित्सालय वृंदावन में भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने डेंगू के लक्षणों की पुष्टि की थी। रविवार को उपचार के दौरान माधुरी की मौत हो गई।
चिकित्सा अधीक्षक राल डॉ. विमल उपाध्याय ने कहा कि जचौंदा में तीन वर्षीय बच्चे की मौत निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई है। गांव के 17 मरीज भर्ती थे, 7 मरीज स्वस्थ होकर घर आ गए हैं। 10 मरीज निजी अस्पतालों में भर्ती बताए हैं। स्वास्थ्य टीम हालात पर नजर बनाए है। गांव में ओपीडी भी चल रही है।
नैनु पट्टी के मजरा हरजू में डाला स्वास्थ्य टीम ने डेरा
बच्ची के मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्राम पंचायत नैनु पट्टी के मजरा हरजू में डेरा डाल दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में ओपीडी सुविधा शुरू कर मरीजों को दवाइयां दीं। रैपिट किट से मलेरिया टेस्ट किए। महिला हंसा देवी (35) की तबियत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नगला हरजू में ग्रामीणों की जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : अमर उजाला
कंट्रोल रूम के माध्यम से मरीजों को शीघ्र लाभ
जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने जनपद में डेंगू और बीमारी के संबंध में किए जा रहे कार्यों की अधीनस्थों से समीक्षा की। कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में कंट्रोल रूम अपनी सेवाएं बहुत अच्छे से दे रहा है और शीघ्रता के साथ ही साफ-सफाई शिकायत, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को संज्ञान में लेकर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को 3 कॉल्स आईं हैं।
कंट्रोल रूम से सभी आशा कार्यकर्ताओं से संपर्क किया गया और उन्हें घर-घर जाकर कूलर से पानी तथा अन्य क्षेत्रों में पानी न भरने के लिए बोला गया है। किसी भी व्यक्ति को बीमारी, साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन, एंटी लार्वा करवाना हो, तो सीधे कंट्रोल रूम नंबर 0565-2974286, 2974278, 2974255, 2974290, 2974271 तथा 2974266 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
कुल 288 मिले, 258 मरीज ठीक: सीएमओ
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रचना गुप्ता ने बताया कि सोमवार को आठ मरीज सही होकर घर गए हैं तथा बाकी मरीजों की तबियत में सुधार है। उन्हें भी शीघ्र ही स्वस्थ करके डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। जनपद में अब तक बुखार के कुल 288 केस आए थे, जिनमें से 258 मरीज सही होकर घर जा चुके हैं।