मैनपुरी। सहायक आबकारी आयुक्त ईआईबी ने बुधवार को स्थानीय टीम के साथ गिहार कालोनियों व अन्य स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान बरामद लहन को फैलाकर नष्ट किया गया। औडे़न्य मंडल के पास अवैध रूप से बीयर और शराब की बिक्री कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। शराब की दुकानों पर भी टीम ने चेकिंग की गई।
जिले में मिलावटी व अवैध रूप से शराब की बिक्री पर रोक लगाए जाने को लेकर आबकारी विभाग की ओर से कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को सहायक आबकारी आयुक्त ईआईबी हरिओम सिंह आबकारी निरीक्षक ईआईबी शांति चौरसिया ने स्थानीय टीम के निरीक्षक रामौतार शुक्ला, सिद्धार्थ विक्रम व टीम ने चिन्हित स्थानों पर दबिश दी। कस्बा कुरावली व घिरोर में गिहार बस्ती कुरावली, गोकुलपुर, तिमनपुर, अलूपुरा में दबिश के दौरान करीब 100 लीटर लहन को फैलाकर नष्ट किया गया। दबिश से वापस लौटते समय औडे़न्य मंडल के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। उनके कब्जे से अवैध बीयर, शराब बरामद हुई। पूछताछ करने पर अपने नाम आशीष सिंह और पप्पू पाल बताया। दोनों के विरुद्ध केस दर्ज कर कार्रवाई की गई। इसके बाद टीम ने कुरावली में चार व घिरोर क्षत्र में 4 शराब के ठेकों पर चेकिंग की। आबकारी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि किसी भी दुकान पर ओवर रेटिंग नहीं पाई गई। विक्रेताओं को ओवर रेटिंग को लेकर चेतावनी दी। सीसीटीवी के नियमित संचालन व पॉश मशीन से की बिक्री किए जाने के निर्देश दिए गए।