एसएन मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक के स्टाफ ने मंगलवार शाम करीब पांच बजे दो पेशेवर रक्तदाताओं (डोनर) को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। ये एक बोतल खून देने के तीन हजार रुपये ले रहे थे। ब्लड बैंक प्रभारी ने थाने में इनके खिलाफ तहरीर दी है।
यहां एक तीमारदार रक्त लेने के लिए आया। ब्लड बैंक स्टाफ ने उसे डोनर लाने के लिए कहा। उसे दरगाह के पास दो लोग मिले और बोले कि तीन हजार रुपये दोगे तो हम रक्त दे देंगे। इन्हें लेकर मरीज ब्लड बैंक पहुंचा।
स्टाफ की पड़ताल में दोनों की पोल खुल गई। पूछने पर बताया कि वह रिक्शा चालक हैं और रुपये लेकर रक्त देते हैं। इनके नाम अनिल निवासी नगला पदी और संजय निवासी लोहामंडी था। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. नीतू चौहान ने बताया कि तहरीर दे दी है।