सैंया। आगरा-ग्वालियर हाईवे पर जाजऊ कट के पास मंगलवार रात आगरा की ओर जा रही एक बाइक को पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने ओवरटेक करने के प्रयास में टक्कर मार दी। बाइक सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार दो अन्य युवक घायल हो गए।
राजस्थान के गांव खेरली, अलवर निवासी रोहित शर्मा पुत्र संतोष शर्मा मंगलवार रात अपने दोस्त राजेंद्र प्रसाद और पवन के साथ धौलपुर से बाइक पर अपने गांव लौट रहे थे। सैंया थाना क्षेत्र के जाजऊ कट के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें ओवरटेक करने की कोशिश की। बाइक ने रोहित की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। रोहित की बाइक सड़क पर दूर तक घिसटती चली गई। सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने से बाइक चालक रोहित शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे राजेंद्र और पवन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से भाग गया। घायलों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैंया भिजवाया। यहां डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक रोहित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।