शमसाबाद। कस्बे में बुधवार रात ट्रक की टक्कर लगने से घायल हुए बाइक सवार दो युवकों की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। दोनों दिगनेर गांव के रहने वाले थे। पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचते ही गांव में मातम छा गया।
पुलिस के मुताबिक दिगनेर गांव निवासी भोला (22) और विष्णु (24) बुधवार की शाम बाइक से शमसाबाद की ओर आ रहे थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने उनकी बाइक में ट्क ने टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा में भर्ती कराया था। साथ ही ट्रक को कब्जे में लेकर चालक हरवीर सिंह निवासी आंवलखेड़ा को हिरासत में ले लिया था। इधर, एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया। युवकों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों ने मुआवजे की गुहार लगाई है।
बहन से मिलने उसके गांव जा रहा था भोला
हादसे का शिकार हुए भोला के परिजनों ने बताया कि वह अपने दोस्त विष्णु के साथ शमसाबाद के गढ़ी खांडेराय बहन के घर उससे मिलने जा रहा था। इस दौरान रास्ते में ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी थी। घरवालों के मुताबिक भोला की मां की भी सालभर पहले ही मौत हुई थी।