फतेहाबाद। कस्बा फतेहाबाद में अवैध रूप से पटाखों की बिक्री कर रहे दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन दुकानों से भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विज्ञापन
एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कस्बे की जमुना गली होली डांडा स्थित किंजल कॉस्मेटिक एंड ब्यूटी पार्लर के पास तख्त लगाकर बनाई गई तीन दुकानों में भारी मात्रा में पटाखे रखे हैं। उनकी बिक्री की जा रही है। इनमें तेज ध्वनि और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले पटाखे भी शामिल हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद विनोद कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान तीनों दुकानों से भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मौके से कमल किशोर और लक्ष्मीकांत पुत्र इंद्रजीत निवासी जमुना गली होली डांडा, थाना फतेहाबाद को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।