मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव कुचेला में एक ढाई महीने के बच्चे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने टीके के ओवरडोज से मौत होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। लेकिन कुछ स्पष्ट नहीं होने पर बच्चे का बिसरा सुरक्षित किया गया है।
कुचेला निवासी इरशाद के ढाई माह के पुत्र अमन को बुधवार को नियमित टीकाकरण के तहत टीका लगाया गया था। शाम को बच्चे ने मां का दूध पिया। रात में भी बच्चे ने मां का दूध पिया। सुबह बच्चा अपनी मां के पास मृत अवस्था में मिला।
बच्चे के मुंह से झाग निकल रहा था। परिजनों का आरोप था कि टीकाकरण के दौरान बच्चे को अधिक डोज दिया गया। इसी के चलते उसकी की मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यहां पोस्टमार्टम के दौरान भी बच्चे की मौत का कारण पता नहीं लग सका। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने बच्चे का बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा है।
गांव कुचेला में शिवर लगाकर बच्चों का नियमित टीकाकरण बुधवार को किया गया था। इस दौरान 10 बच्चों को टीका लगाया गया था। जिस एएनएम ने बच्चे को टीका लगाया वह प्रशिक्षित है। आज तक ऐसा कोई मामला नहीं आया। टीकाकरण से मौत संभव नहीं है।
डॉ. पपेंद्र सिंह, चिकित्साधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचेला