आगर। सिकंदरा थाना क्षेत्र में देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार संदिग्धों को रोकने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इससे दो आरोपी गौरव और शनि गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी 18 जून को जूता फैक्टरी के पास ठेकेदार बंटी सिकरवार पर हुए जानलेवा हमले में शामिल थे। पुलिस ने आरोपियों के एक अन्य साथी अशोक को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गौरव पर पूर्व में लूट, छेड़खानी, चोरी आदि के चार मामले दर्ज हैं। वहीं शनि उर्फ जयसूर्या पर हत्या, हत्या के प्रयास आदि की धाराओं में चार मामले दर्ज हैं। तीसरे आरोपी अशोक पर भी तीन मामले पहले से दर्ज हैं। एसीपी हरीपर्वत अमीषा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान भी चलाया है।